भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा संचालित मैत्रीबाग जू में 9 साल के सफेद शेर किशन की मौत हो गई। मैत्रीबाग जू प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक, किशन को कैंसर हो गया था। उसका उपचार अंजोरा पशु चिकित्सालय के वाइल्ड लाइफ विशेषज्ञ चिकित्सक के मार्ग दर्शन में काफी समय से चल रहा था। पिछले तीन चार दिनों से वह सही तरीके से खा-पी भी नहीं रहा था।

रविवार को उसने जू के अंदर ही दम तोड़ दिया। जू प्रबंधन ने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारी कंजरवेटर ऑफ फारेस्ट, डीएफओ और एसडीओ दुर्ग को दी। वह सभी लोग मैत्री बाग पहुंचे। इसके बाद उनकी मौजूदगी में शासकीय चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया और उसका अंतिम संस्कार किया गया।

मैत्रीबाग जू का नर शेर किशन सफेद शेर सुंदर और कमला की संतान था। कमला नाम की शेरनी ने किशन को 2013 में जन्म दिया था। वह अभी मात्र 9 साल का था। 30 अगस्त को उसकी मौत हो गई।