दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि देश के हर बच्चे के लिए शिक्षा जरूरी है। शिक्षा से हर परिवार अमीर बनेगा। देशवासियों के लिए मुफ्त इलाज जरूरी है। भारत का हर नागरिक हमारे लिए अहम है। देश के कोने-कोने में अस्पताल और स्कूल की व्यवस्था होना जरूरी है। सीएम ने कहा कि आजादी के 75 साल हो चुके हैं। इन 75 वर्षों में हमने बहुत कुछ हासिल किया, भारत ने बहुत कुछ हासिल किया लेकिन लोगों में गुस्सा है, एक सवाल है कि हमारे बाद आजादी पाने वाले कई छोटे राष्ट्र हमसे आगे निकल गए, भारत क्यों पिछड़ गया? हर नागरिक यही पूछ रहा है।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी जिंदगी का एक ही सपना है कि वह भारत को दुनिया का नंबर वन देश देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत अमीर तब बनेगा, जब हर भारतवासी अमीर बनेगा। ऐसा तो नहीं हो सकता है कि भारत अमीर देश बन गया और भारत के लोग गरीब रह गए। भारत को अमीर देश बनाने के लिए हर भारतवासी को अमीर बनाना पड़ेगा। 

अरविंद केजरीवाल ने कहा, ''मैं देश के 130 करोड़ लोगों से अपील करता हूं कि इस राष्ट्र मिशन के साथ जुड़ें। जिस दिन 130 करोड़ लोग जुड़ गए, भारत को दुनिया में नंबर वन बनने से कोई नहीं रोक सकता है। हमारा किसी पार्टी से कोई लेना देना नहीं है। यह मिशन राष्ट्र मिशन है। यह किसी पार्टी का मिशन नहीं है। इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि सारे बीजेपी और कांग्रेस वाले साथ आओ। देश में जितने देशभक्त हैं, जो चाहते हैं कि देश नंबर वन बने, सभी राष्ट्रमिशन के साथ जुड़े। हमें लड़ाई झगड़े नहीं करने हैं। इसमें 75 साल खत्म कर दिए। कांग्रेस वाले बीजेपी से लड़ रहे हैं, बीजेपी वाले आम आदमी पार्टी से लड़ रहे हैं, हिंदू मुसलमान से लड़ रहा है, मुसलमान ईसाई से लड़ रहा है, पंडित उससे लड़ रहा है, वह उससे लड़ रहा है, सारी लड़ाई खत्म, हम सबको परिवार की तरह रहना है। नफरत खत्म, प्यार और मुहब्बत करेंगे, एक साथ मिलकर रहेंगे, मुट्ठी बनकर रहेंगे तभी भारत नंबर एक देश बन सकता है।''